Contact Information

कृषि विस्तार सुधार कार्यक्रम के तहत किसानों को पुरस्कृत किया जायेगा 

ग्वालियर। कृषि विस्तार सुधार कार्यक्रम (आत्मा) परियोजना के तहत वर्ष 2018-19 की गतिविधियों के आधार पर कृषक पुरस्कार, कृषक समूह पुरस्कार प्रदान किए जायेंगे। कृषकों द्वारा अपनाई गई कृषि तकनीक उपज एवं उत्पादकता के आधार पर किसानों को पुरस्कृत किया जायेगा। कृषकों एवं कृषक समूहों से पुरस्कार हेतु 16 अगस्त तक आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। 
परियोजना संचालक आत्मा समिति ग्वालियर से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, कृषि अभियांत्रिकी गतिविधियों में एक-एक कृषक को मूल्यांकन समिति की अनुशंसा पर 25 - 25 हजार तथा जिले के प्रत्येक विकासखण्ड में उक्त गतिविधियों में एक-एक कृषक को समिति की अनुशंसा पर 10 हजार रूपए का पुरस्कार प्रदान किया जायेगा। इसके साथ ही जिले में 5 गतिविधियों में एक - एक कृषक समूह को 20 - 20 हजार रूपए का पुरस्कार प्रदान किया जायेगा। पुरस्कार का निर्णय कलेक्टर एवं अध्यक्ष आत्मा गवर्निंग बॉडी का रहेगा। 
जिले के किसानों से आग्रह किया गया है कि पुरस्कार हेतु निर्धारित प्रपत्र प्रत्येक विकासखण्ड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी से प्राप्त कर 16 अगस्त तक विकाखण्ड मुरार, घाटीगाँव, डबरा, भितरवार तथा जिला स्तर पर परियोजना संचालक आत्मा समिति के कार्यालय में जमा करा सकते हैं। इसके साथ ही उद्यानिकी कृषक उद्यान विभाग से, पशुपालक कृषक पशुपालन विभाग से, मछली पालक कृषक मछली पालन विभाग से एवं कृषि अभियांत्रिकी कृषक कृषि अभियांत्रिकी विभाग से आवेदन पत्र प्राप्त कर 16 अगस्त 2019 को शाम 5 बजे तक जमा कर सकते हैं।