लाखन सिंह ने किया गौशाला का आकस्मिक निरीक्षण 

ग्वालियर। प्रदेश में पशुधन के संरक्षण और संवर्धन के लिए पशुपालन विभाग द्वारा अधिक से अधिक गौशालाओं का संचालन किया जा रहा है। प्रदेश के पशुपालन, मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास मंत्री   लाखन सिंह यादव ने सोमवार को ग्वालियर में गोला का मंदिर मार्क  हॉस्पिटल परिसर में संचालित अस्थाई गौशाला का आकस्मिक निरीक्षण किया। 
लाखन सिंह यादव ने अस्थाई गौशाला पहुँचकर गौशाला में गायों के लिए की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा है कि गौशाला में रखी गई गायों के रखा-रखाव में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाए। गायों के खाने-पीने का पुख्ता प्रबंध किया जाए। इसके साथ ही पशु चिकित्सकों का सहयोग लेकर नियमित जाँच और उपचार की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। 
गौशाला प्रभारी राजेन्द्र सिंह ने निरीक्षण के दौरान जानकारी दी कि अस्थाई गौशाला में 1700 पशुधन को रखकर उनकी देखभाल की जा रही है। पशुओं के लिए निगम की ओर से चारा, पानी आदि की समुचित व्यवस्था की गई है। पशु चिकित्सा विभाग के माध्यम से पशुओं के लिए चिकित्सीय सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।