अति वर्षा से पीडि़त किसानों की मदद के लिए सरकार उनके साथ है: सिंधिया 


ग्वालियर। ग्वालियर-चंबल अंचल में अति वर्षा के कारण जिन किसानों को नुकसान हुआ है, उनको हर संभव मदद मध्यप्रदेश सरकार देगी। किसानों की हर विपदा के साथ प्रदेश सरकार खड़ी है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को मुरार विकासखण्ड के हस्तिनापुर में जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत आयोजित सभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। 
कार्यक्रम में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती इमरती देवी, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, विधायक मुन्नालाल गोयल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा, ग्रामीण अध्यक्ष मोहन सिंह राठौर, कार्यक्रम संयोजक पूर्व विधायक रामबरन सिंह गुर्जर, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक शर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण जन उपस्थित थे। 
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर अंचल के समग्र विकास के लिए वे हमेशा कार्य करते रहेंगे। ग्वालियर-चंबल अंचल के लोगों ने जो विश्वास दिखाया है और प्रदेश में सरकार बनाई है। सरकार उनके हर सुख-दुख में साथ है। क्षेत्र के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जायेगी। श्री सिंधिया ने कहा कि अति वर्षा के कारण ग्वालियर -चंबल अंचल के कई क्षेत्रों में किसानों को नुकसान हुआ है। किसानों के नुकसान की भरपाई सरकार करेगी। मध्यप्रदेश सरकार किसानों के हित में हर संभव मदद मुहैया करायेगी। 



सिंधिया ने कहा कि ग्वालियर-चंबल संभाग के लोगों से मेरे राजनैतिक संबंध नहीं बल्कि पारिवारिक संबंध हैं। इस क्षेत्र का समग्र विकास मेरी जवाबदारी है और मैं अपनी जवाबदारी का तत्परता से निर्वहन करता रहूँगा। कार्यक्रम में विधायक मुन्नालाल गोयल ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सिंधिया के नेतृत्व में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार द्वारा भी क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव मदद दी जा रही है। ग्वालियर में चंबल का पानी लाना हो या अन्य विकास कार्य हों, उनके लिए तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं। लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी एक हजार बिस्तर का अस्पताल ग्वालियर में बनाया जा रहा है। इसके बन जाने से न केवल ग्वालियर-चंबल संभाग के लोगों को बल्कि उत्तरप्रदेश व राजस्थान के कई जिलों के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के संयोजक  रामबरन सिंह गुर्जर ने भी इस मौके पर स्वागत भाषण दिया और कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रयासों से क्षेत्र के सर्वांगीर्ण विकास के कार्य किए जा रहे हैं।