Contact Information

भू-माफियाओं के विरूद्ध चलाएं अभियान - प्रद्युम्न सिंह तोमर 

ग्वालियर। शासकीय भूमियों पर अतिक्रमण करने एवं बिना अनुमति के निर्माण करने वालों के विरूद्ध प्रदेश भर में चलाए जा रहे अभियान को ग्वालियर में भी प्रभावी रूप से चलाया जाए। इस अभियान के कारण किसी आम नागरिक को परेशानी न हो, यह भी सुनिश्चित किया जाए। प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने यह बात कही। मंत्री श्री तोमर ने सोमवार को बाल भवन में प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भू-माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के संबंध में चर्चा की।
सोमवार को बाल भवन में मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने ग्वालियर में भू-माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के संबंध में चर्चा कर अभियान की जानकारी ली। इस मौके पर संभागीय आयुक्त एम बी ओझा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक राजाबाबू सिंह, कलेक्टर अनुराग चौधरी, पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन, नगर निगम आयुक्त संदीप माकिन सहित प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी उपस्थित थे। 
मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री कमल नाथ के निर्देश पर भू-माफियाओ के विरूद्ध अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत ग्वालियर में भी प्रभावी कार्रवाई की जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत जिन माफियाओं ने शासकीय भूमियों का दुरूपयोग कर निर्माण एवं विक्रय का कार्य किया है, उनके विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि शासन की स्पष्ट मंशा है कि गलत काम करने वालो के विरूद्ध अभियान चलाकर सख्त से सख्त कार्रवाई हो। शासन की मंशा अनुरूप सम्पूर्ण प्रदेश में तेजी के साथ कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के तहत की जा रही कार्रवाई से आम जनता में कोई गलत संदेश नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर के आम नागरिकों को यह संदेश जाना चाहिए कि यह अभियान भू-माफियाओं के विरूद्ध है।