ग्वालियर। शहर की बेटियां पढ़ाई के साथ साथ अन्य गतिविधियों में भी ग्वालियर का नाम राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहीं हैं। महाराष्ट्र के नासिक मेें होने वाली 65वीं राष्ट्रीय फेंसिंग प्रतियोगिता में शहर के प्रतिष्ठित विद्यालय एबनेजर हायर सेकण्डरी स्कूल की छात्रा समीक्षा सिंह सीबीएसई टीम का प्रतिनिधित्व करेंगीं। प्रतियोगिता का आयोजन 7 से 10 दिसंबर तक डिवीजन स्पोट्र्स् कॉम्प्लेक्स नासिक महाराष्ट्र में किया जायेगा। समीक्षा सिंह का चयन 3 नवंबर को करनाल हरियाणा के करन स्टेडियम में आयोजित हुई सिलेक्शन ट्रायल में चयनकर्ताओं द्वारा किया गया। समीक्षा विद्यालय के कोच हरीश गुप्ता से तलवारबाजी का प्रशिक्षण ले रहीं हैं। समीक्षा के चयन पर विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप हांडा और मुख्याध्यापिका आशा सिंह ने बधाई देते हुए कहा है कि हमारे लिये यह गर्व की बात है कि हमारे विद्यालय की होनहार छात्रा का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिये हुआ है और वो सीबीएसई टीम का प्रतिनिधित्व कर रही है।