राष्ट्रीय तानसेन सम्मान पं. विद्याधर व्यास एवं राजा मानसिंह तोमर राष्ट्रीय सम्मान निनासम हेग्गोडु को प्रदान किया जायेगा
ग्वालियर। विश्व संगीत समागम "तानसेन अलंकरण समारोह-2019" 17 दिसम्बर को प्रदान किया जायेगा। वर्ष 2019 का राष्ट्रीय तानसेन सम्मान पं. विद्याधर व्यास मुम्बई को प्रदान किया जायेगा। इसके साथ ही राजा मानसिंह तोमर राष्ट्रीय सम्मान कर्नाटक के निनासम हेग्गोडु को प्रदान किया जायेगा। प्रदेश की संस्कृति, चिकित्सा शिक्षा एवं आयुष विभाग की मंत्री डॉ. विजय लक्ष्मी साधौ कार्यक्रम की मुख्य अतिथि होंगीं।
तानसेन समारोह का शुभारंभ प्रात: 10 बजे हरिकथा, मीलाद एवं शहनाई वादन से होगा। ढोलीबुआ महाराज श्री संतोष पुरंदरे एवं कामिल हजऱत, मजीद खाँ एवं साथी प्रस्तुति देंगे । अलंकरण समारोह शाम 7 बजे से आयोजित किया जायेगा। कार्यक्रम में माधव संगीत महाविद्यालय ग्वालियर द्वारा ध्रुपद गायन, मोईनुद्दीन खाँ जयपुर द्वारा सारंगी वादन एवं प्रेमकुमार मलिक, प्रयागराज द्वारा ध्रुपद गायन की प्रस्तुति दी जायेगी।